हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ :
LG ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश
नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) तरनजीत सिंह सिंधु ने महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। दिल्ली पुलिस आयुक्त और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में डीटीसी बसों तथा सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की गई।
DTC बसों में महिला पुलिसकर्मी और होमगार्ड मार्शल
बैठक में निर्णय लिया गया कि डीटीसी की लेडीज स्पेशल बसों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इन बसों का संचालन उन मार्गों पर किया जाएगा जहां महिला यात्रियों की संख्या अधिक रहती है। यात्रियों में सुरक्षा और विश्वास की भावना बढ़ाने के लिए महिला होमगार्ड मार्शल भी बसों में तैनात की जाएंगी। यह व्यवस्था महिलाओं के लिए यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
112 इमरजेंसी सिस्टम से जुड़ेंगे पैनिक बटन
महिलाओं की सुरक्षा को तकनीकी रूप से मजबूत करने के लिए डीटीसी बसों में लगे पैनिक बटन को सीधे दिल्ली पुलिस के 112 पीसीआर इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम से जोड़ा जाएगा। इससे किसी भी आपात स्थिति में पुलिस को तुरंत सूचना मिल सकेगी और त्वरित कार्रवाई संभव होगी।
महिलाओं के लिए बनेंगे विशेष पुलिस स्टेशन
एलजी ने निर्देश दिया कि दिल्ली के प्रत्येक जिले में महिलाओं के लिए विशेष पुलिस स्टेशन स्थापित किए जाएं। इन थानों में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों से संबंधित शिकायतों का संवेदनशीलता और दक्षता के साथ निस्तारण किया जाएगा।
POCSO एक्ट के पालन पर होगा व्यापक ऑडिट
एक अन्य समीक्षा बैठक में उपराज्यपाल ने दिल्ली के सभी स्कूलों में पॉक्सो (POCSO) एक्ट के अनुपालन की जांच के लिए व्यापक ऑडिट कराने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि जो स्कूल या संस्थान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
स्कूलों के आसपास बढ़ेगी निगरानी
दिल्ली पुलिस को स्कूल परिसरों और छुट्टी के समय विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। महिलाओं और बच्चों के साथ छेड़छाड़, उत्पीड़न और किसी भी प्रकार की अभद्रता के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने पर जोर दिया गया है। एलजी ने कहा कि दिल्ली को महिलाओं और बच्चियों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और सशक्त शहर बनाने के लिए सरकार और सभी विभाग मिलकर काम कर रहे हैं।
#DelhiSafety #WomenSecurity #DTCBuses #POCSOAct #DelhiPolice














