हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
एशिया कप 2025 के विजेता भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। दुबई में रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराया। इसके बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर “ऑपरेशन सिंदूर” का जिक्र करते हुए टीम इंडिया को बधाई दी और लिखा – “ऑपरेशन सिंदूर खेल के मैदान में, नतीजा समान है… भारत की जीत।”
सूर्यकुमार यादव ने सोमवार को प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “अच्छा लगता है जब देश का लीडर खुद फ्रंट फुट पर खेलता है। ऐसा लग रहा था जैसे उन्होंने खुद स्ट्राइक लेकर रन बनाए हों। जब सर ही आगे खड़े हैं तो खिलाड़ी खुलकर खेलते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि सबसे बड़ी खुशी इस बात की है कि पूरा देश इस जीत का जश्न मना रहा है। टीम इंडिया को भारत लौटने पर और भी ज्यादा प्रोत्साहन मिलेगा।
इस मुकाबले का महत्व इसलिए भी खास था क्योंकि अप्रैल 2025 में कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की हत्या हुई थी। इसके बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर “ऑपरेशन सिंदूर” चलाया था। उसी पृष्ठभूमि में भारत और पाकिस्तान की टीमें इस टूर्नामेंट में आमने-सामने हुईं।
टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच कुल तीन मुकाबले हुए, जिनमें पाकिस्तान को एक भी जीत नहीं मिल सकी। भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और कप्तान सूर्यकुमार यादव समेत पूरी टीम ने फाइनल जीत के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया।
यह जीत केवल क्रिकेट मैदान पर ही नहीं, बल्कि देश की जनता के मनोबल को भी नई ऊर्जा देने वाली साबित हुई।













