हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
उत्तर भारत में सर्दी ने अब पूरी तरह दस्तक दे दी है। सुबह-शाम शीतलहर और कोहरे की वजह से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले 24 घंटों में कई उत्तरी राज्यों में तापमान और नीचे जा सकता है, जिससे ठंड में वृद्धि होगी।
दिल्ली NCR में ठंड के साथ प्रदूषण भी जारी
राजधानी दिल्ली में आज मौसम शुष्क रहेगा। सुबह हल्का कोहरा छाया रहा, जिसकी वजह से कई सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ी। दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन ठंड का असर बना रहेगा।
आईएमडी के अनुसार आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 23-24°C और न्यूनतम तापमान 10-12°C के बीच रहेगा। प्रदूषण का स्तर बेहद खराब स्थिति में है और AQI कई स्थानों पर 400 के पार रिकॉर्ड किया गया।
सुबह 6 बजे के आंकड़ों के अनुसार—
- पूसा: 494 AQI
- शादिपुर: 498 AQI
- पंजाबी बाग/शिवाजी पार्क: 489 AQI
- नॉर्थ कैंपस/दिल्ली मिल्क स्कीम कॉलोनी: 484 AQI
- एफ मुंडका: 488 AQI
पंजाब-हरियाणा, यूपी-बिहार में बढ़ेगी ठंड
दिल्ली के साथ-साथ पंजाब और हरियाणा में भी तापमान में गिरावट होगी। उत्तर प्रदेश और बिहार में भी मौसम ठंडा बना रहेगा। कई हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना है।
दक्षिण भारत में Cyclone Senyar का खतरा
बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में लो-प्रेशर बनने के कारण दक्षिण भारत के कई राज्यों में मौसम बिगड़ने के आसार हैं। तमिलनाडु, केरल और तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
केरल में 25 नवंबर तक भारी बारिश, जबकि अंडमान-निकोबार में 24 से 28 नवंबर तक बेहद भारी बारिश की संभावना जताई गई है। समुद्र में ऊँची लहरों के चलते मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में शीतलहर और बर्फबारी
कश्मीर में पारा शून्य से नीचे चला गया है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -2.8°C दर्ज किया गया। हिमाचल और उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी जारी है।
राजस्थान में कोहरा और गिरता तापमान
राजस्थान में कई जिलों में घना कोहरा लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4°C की और गिरावट की संभावना है।
















