हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
अलीगढ़ 19 सितम्बर 2025 : एसएमबी इंटर कॉलेज में जिला स्तरीय राष्ट्रीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता-2025 का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी अद्वितीय प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ0 पूरन सिंह, एसएमबी इंटर कॉलेज के प्रबंधक बाबू लाल शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष इंजी0 राजीव शर्मा, प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार शर्मा, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार, जिला समन्वयक प्रवीन मित्तल एवं नोडल अधिकारी श्रीमती लीना कटारा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।

जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पूरन सिंह ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। नोडल अधिकारी श्रीमती लीना कटारा ने प्रतियोगिता से संबंधित नियमों की जानकारी प्रतिभागी टीमों एवं शिक्षकों को दी।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों की कुल पाँच टीमों ने प्रतिभाग किया। छात्रों ने ब्रास बैंड और पाइप बैंड की मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। निर्णायक मंडल में बैंड वादक मुन्ने खां (पीएसी) और आरक्षी रोहित एवं राहुल शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में एसएमबी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री कृष्ण कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों, निर्णायकों एवं प्रतिभागी टीमों का आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता परिणाम:
पाइप बैंड (बालक वर्ग) में निहार मीरा सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने प्रथम, ब्रास बैंड (बालक वर्ग) में ब्रिलिएंट पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने प्रथम, सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने द्वितीय और लगसमा इंटर कॉलेज गोंडा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ब्रास बैंड (बालिका वर्ग) में चिरंजीलाल बालिका इंटर कॉलेज ने प्रथम स्थान हासिल किया।













