हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
जरूरतमंदों को राहत देना सर्वोच्च प्राथमिकता, अलाव ताप रहे लोगों से भी की बातचीत
अलीगढ़, 08 जनवरी 2026
भीषण शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिले में कोई भी बेसहारा, असहाय अथवा जरूरतमंद व्यक्ति ठंड से परेशान न हो, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में जिलाधिकारी संजीव रंजन ने बुधवार देर रात नगर निगम द्वारा संचालित विभिन्न रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रैन बसेरों में उपलब्ध कंबल, बिस्तर, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से जांच की। उन्होंने वहां ठहरे लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वस्त किया कि ठंड के मौसम में जिला प्रशासन हर जरूरतमंद के साथ खड़ा है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी रैन बसेरों में सुविधाओं की उपलब्धता किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए।
अलाव और रैन बसेरों की व्यवस्थाएं हों प्रभावी
जिलाधिकारी संजीव रंजन ने नगर निगम, तहसील प्रशासन एवं सभी नगरीय निकायों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने की व्यवस्था और अधिक प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्वयं अलाव ताप रहे लोगों से बातचीत कर उनकी स्थिति जानी और मौके पर ही जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। जिलाधिकारी ने कहा कि ठंड से बचाव के लिए किए जा रहे इंतजामों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शीतलहर के दौरान यदि किसी भी प्रकार की लापरवाही के कारण अप्रिय घटना या जनहानि होती है, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने और जरूरतमंदों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों से ठंड के मौसम में बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इस अवसर पर एडीएम वित्त प्रमोद कुमार, सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह तथा एससीएम दिग्विजय सिंह भी उपस्थित रहे।
















