हिन्दुस्तान मिरर न्यूज: 3 अगस्त 2025
अलीगढ़, 2 अगस्तः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के विदेशी भाषाओं के विभाग के चार छात्रों को अमेरिका की प्रमुख बहुराष्ट्रीय कंपनी अमेजन में प्लेसमेंट प्राप्त हुआ है। अमेजन ई-कॉमर्स, क्लाउड कंप्यूटिंग, डिजिटल मार्केटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अग्रणी कंपनी है।

यह चयन एएमयू के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिस (जनरल) द्वारा आयोजित भर्ती अभियान के दौरान किया गया। कई चरणों की मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद चयनित छात्रों में अनस अहमद खान (एम.ए. फ्रेंच), समर वारसी (एम.ए. जर्मन), अजहर जिया (बी.ए. जर्मन) और इश्तियाक आलम (बी.ए. स्पैनिश) शामिल हैं। उन्हें सीनियर एसोसिएट और एसोसिएट की भूमिकाओं में नियुक्त किया गया है।

ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर (जनरल) साद हमीद ने छात्रों को बधाई दी और कहा कि उनकी यह सफलता न केवल उनकी मेहनत का परिणाम है, बल्कि विश्वविद्यालय द्वारा दी जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रशिक्षण का भी प्रमाण है।

















