हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां गर्म समोसे को लेकर पति-पत्नी का विवाद इतना बढ़ गया कि मामला पंचायत और फिर पुलिस तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, संगीता नाम की महिला ने अपने पति शिवम से गर्म समोसे लाने के लिए कहा था। शिवम का कहना है कि वह मामूली काम करता है और उसके पास पैसे नहीं थे, इसलिए समोसे नहीं ला सका। इस पर संगीता नाराज हो गई और अपने मायकेवालों को बुला लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष पंचायत में पहुंच गए।
आज तक की रिपोर्ट के अनुसार, पंचायत के सामने ही दोनों पक्षों के बीच जमकर तू-तू मैं-मैं हुई। देखते-देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसों के साथ बेल्ट से भी पिटाई कर रहे हैं। पंचायत ने काफी मशक्कत के बाद झगड़ा शांत कराया।
शिवम का कहना है कि उसकी पत्नी के मायकेवालों ने जानबूझकर विवाद खड़ा किया और मारपीट शुरू कर दी। वहीं, संगीता का आरोप है कि उसका पति अक्सर बहाने बनाता है और उसकी मांग पूरी नहीं करता। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
छोटी-सी बात पर शुरू हुआ यह विवाद अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं और इसे “समोसा विवाद” का नाम दे रहे हैं।















