हिन्दुस्तान मिरर न्यूज: 2अगस्त 2025
अलीगढ़, 2 अगस्त: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के वाइल्डलाइफ साइंसेज विभाग द्वारा आयोजित एक विशेष व्याख्यान में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर), मोहाली की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मंजरी जैन ने एमएससी और पीएचडी छात्रों को शोध आधारित करियर और शैक्षणिक विकास के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रो. उरूस इलियास ने डॉ. जैन का परिचय कराते हुए कहा कि जब इस स्तर के वैज्ञानिकों से संवाद होता है, तो छात्र केवल सुनते नहीं, बल्कि उनके अनुभवों से सीखते हैं। डॉ. जैन ने अपने पीएचडी (भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलुरु) और पोस्टडॉक्टोरल अनुभव (यूनिवर्सिटी ऑफ ज्यूरिख) को साझा करते हुए छात्रों को बताया कि अनुसंधान आधारित करियर के लिए योजना, कौशल और जिज्ञासा बेहद जरूरी है।
उन्होंने एमएससी के बाद की दुविधाओं, जैसे पीएचडी करना है या नहीं, और आईआईएसईआर जैसे शीर्ष संस्थानों में प्रवेश हेतु योग्यता मानदंडों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने प्रतिस्पर्धी अकादमिक वातावरण में टिकने और सफल होने के लिए आवश्यक कौशलों पर भी प्रकाश डाला।
व्याख्यान का प्रमुख भाग वैज्ञानिक सम्मेलनों से अधिकतम लाभ उठाने की रणनीतियों पर केंद्रित था। उन्होंने ‘एलीवेटर पिच’ की अवधारणा को समझाते हुए बताया कि कैसे शोध को प्रभावशाली ढंग से संक्षेप में प्रस्तुत किया जा सकता है। साथ ही, वरिष्ठ वैज्ञानिकों से नेटवर्किंग के व्यावहारिक सुझाव भी दिए।
डॉ. जैन ने एक संवादात्मक सत्र में शोध प्रश्न तैयार करने की प्रक्रिया पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि पीएचडी में सबसे कठिन कार्य सही प्रश्न को चुनना और डेटा से सार्थक निष्कर्ष निकालना होता है।
कार्यक्रम का समापन शोध छात्र अर्शयान शाहिद द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।















