हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
अलीगढ़, 29 सितंबर 2025 : जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में पर्यटन और संस्कृति से जुड़ी योजनाओं, प्रस्तावित कार्यों और आगामी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही चल रही एवं पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का भी आकलन किया गया। बैठक में संस्कृति विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रमों, प्रस्तावित आयोजनों और जनपद के मेले-महोत्सवों की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया।
जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव को जिले का पर्यटन साहित्य प्रकाशित कराने के निर्देश दिए। डीआईओएस को विद्यालयों में ईको-पर्यटन क्लबों को सक्रिय करने और उपलब्ध धनराशि से गतिविधियां संचालित कराने के निर्देश दिए गए। जिला योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत प्रस्तावों को अनुमोदित किया गया। फूड एंड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट के लिए भूमि चिन्हित की जा चुकी है और कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।
मा0 विधायक छर्रा ठा0 रवेन्द्र पाल सिंह ने सुझाव दिया कि मुख्य मार्ग से मंदिरों तक संपर्क मार्गों पर साइनबोर्ड लगाए जाएं, ताकि पर्यटकों को सुविधा हो और धार्मिक स्थलों के महत्व को प्रदर्शित किया जा सके। परिषद ने होम स्टे, स्टॉल होम स्टे और बेड एंड ब्रेकफास्ट पंजीकरण को बढ़ावा देने पर बल दिया। पर्यटन विकास के लिए लैण्ड बैंक और वे-साइड एमिनिटी पर भी चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने आरटीओ को निर्देशित किया कि पर्यटन नीति-2022 के तहत दुर्लभ और लुप्तप्राय कला, संगीत, शिल्प और लोककला के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिले की सांस्कृतिक धरोहर और पर्यटन संभावनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं, ताकि अलीगढ़ को पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत पहचान मिले।
बैठक में मा0 विधायक इगलास श्री राजुकुमार सहयोगी, सीडीओ प्रखर कुमार सिंह, निदेशक इग्नू अजयवर्धन आचार्य, जिला युवा अधिकारी तन्वी अग्रवाल, डीआईओएस, डीपीआरओ, डीएओ, सीएफओ, विवेक बगई, पंकज धीरज सलाहकार गौरव गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।















