हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
उत्तर प्रदेश सरकार ने वाहन मालिकों को बड़ी राहत देते हुए 2017 से 2021 तक के गैर-कर (Non-Tax) चालानों को खत्म करने का निर्णय लिया है। परिवहन विभाग द्वारा लिए गए इस फैसले से लाखों वाहन स्वामियों को सीधा लाभ मिलेगा।
निर्णय के अनुसार जिन चालानों का संबंध टैक्स चोरी से नहीं है, वे स्वतः निरस्त हो जाएंगे। इनमें फिटनेस, परमिट, वाहन ट्रांसफर और हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) से जुड़े अवरोध भी शामिल हैं। अब तक इन लंबित चालानों की वजह से कई वाहन मालिक अपने कागजात अपडेट नहीं करा पा रहे थे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन सभी अड़चनों को अगले 30 दिनों के भीतर हटा दिया जाएगा।
वाहन स्वामी अपनी गाड़ियों की स्थिति ऑनलाइन पोर्टल पर देख सकेंगे। प्रक्रिया पूरी होते ही संबंधित दस्तावेज़ और सेवाएं दोबारा सुचारु रूप से उपलब्ध हो जाएंगी। इस कदम से लगभग 30 लाख से ज्यादा मामलों का निस्तारण होगा।
परिवहन विभाग का मानना है कि इस पहल से आम जनता को बड़ी राहत तो मिलेगी ही, साथ ही विभाग की कार्यप्रणाली भी पारदर्शी होगी। लंबे समय से अटके मामलों को निपटाने के बाद वाहन मालिक बेझिझक फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट और ट्रांसफर जैसी सेवाओं का लाभ उठा पाएंगे।













