हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा आज संसद में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 को लेकर पूरे देश में चर्चा का माहौल रहा। इसी क्रम में अलीगढ़ जनपद में भारतीय जनता पार्टी द्वारा बजट को आमजन तक पहुँचाने के उद्देश्य से एक व्यापक जनसंवाद अभियान चलाया गया। जिलेभर में 145 स्थानों पर बजट का सीधा प्रसारण और सामूहिक श्रवण कराया गया, जिसमें समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

इस अभियान का प्रमुख कार्यक्रम अलीगढ़ स्थित कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में आयोजित किया गया, जहाँ चौ. कृष्णपाल सिंह “लाला प्रधान” के नेतृत्व में व्यापारी, डॉक्टर, किसान, युवा, मज़दूर, चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) सहित विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने केंद्रीय बजट को गंभीरता से सुना और उस पर चर्चा की। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य (MLC) मानवेन्द्र सिंह गुरुजी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मानवेन्द्र सिंह गुरुजी ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना को साकार करने वाला बजट है, जिसमें गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग—सभी का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि बजट में बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार सृजन और स्टार्टअप्स को नई गति देने के प्रावधान हैं, जिससे देश की अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी।

कार्यक्रम के संयोजक श्री शिवनारायण शर्मा रहे, जबकि सह-संयोजक जिला मंत्री अवध सिंह बघेल ने पूरे कार्यक्रम का प्रभावी संचालन किया। आयोजन को सफल बनाने में आशीष गौड और कमल अग्रवाल ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वक्ताओं ने बजट के विभिन्न बिंदुओं—जैसे व्यापार को प्रोत्साहन, किसानों के लिए योजनाएँ, युवाओं के लिए कौशल विकास और रोजगार, स्वास्थ्य व शिक्षा क्षेत्र में निवेश—पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर शहर के अनेक प्रतिष्ठित नागरिक मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से होटल व्यवसायी मानव महाजन, सौरव बाल जीवन, पंकज धीरज, अरुण फौजी, रामसखी कठेरिया, राजेश राना, सरिता महेश्वरी, डॉ. विभव वार्ष्णेय, संजय चौधरी, मुकेश सूर्यवंशी सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए। उपस्थित जनसमूह ने बजट को देशहित में बताया और इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक ठोस कदम करार दिया।
कार्यक्रम के अंत में चौ. कृष्णपाल सिंह “लाला प्रधान” ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य बजट को केवल संसद तक सीमित न रखकर जन-जन तक पहुँचाना है, ताकि आम नागरिक इसकी उपयोगिता और प्रभाव को समझ सके। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और सहभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अलीगढ़ में मिला जनसमर्थन यह दर्शाता है कि जनता सरकार की नीतियों और बजट की दिशा से संतुष्ट है।
















