हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: मंगलवार 10 जून 2025
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मंगलवार शाम 7 बजे लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आवास पर सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से मुलाकात करेंगे और उनके लिए डिनर की मेजबानी करेंगे। यह प्रतिनिधिमंडल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत का रुख विश्व स्तर पर स्पष्ट करने के लिए 33 विदेशी राजधानियों और यूरोपीय संघ का दौरा कर चुका है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इस प्रतिनिधिमंडल में 50 से अधिक सदस्य शामिल थे, जिनमें अधिकतर वर्तमान सांसद और कुछ पूर्व राजनयिक शामिल थे। विदेश मंत्री एस. जयशंकर पहले ही इन प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात कर चुके हैं और उन्होंने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत के मजबूत रुख को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए उनकी सराहना की है।
प्रतिनिधिमंडल में सत्तारूढ़ गठबंधन के चार और विपक्ष के तीन समूह शामिल थे। सत्तारूढ़ गठबंधन के प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व दो भाजपा सांसदों, एक जदयू सांसद और एक शिवसेना सांसद ने किया, जबकि विपक्षी प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व कांग्रेस, द्रमुक और राकांपा (शरद गुट) के एक-एक सांसद ने किया।
डिनर के दौरान प्रधानमंत्री मोदी प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के साथ उनकी यात्रा के अनुभव और प्रतिक्रिया पर चर्चा करेंगे। यह मुलाकात भारत की कूटनीतिक रणनीति को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

















