हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 30 अप्रैल: 2025,
कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी बुधवार को कानपुर पहुंचे। वह दोपहर 3:35 बजे चकेरी एयरपोर्ट पर उतरे और वहां से सीधे हाथीपुर स्थित शुभम द्विवेदी के आवास पहुंचे। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों की गोलीबारी में शहीद हुए शुभम के परिजनों से उन्होंने मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की।
राहुल गांधी लगभग बीस मिनट तक परिवार के साथ रहे और उनके दुख को साझा किया। इस दौरान उन्होंने परिजनों की बातचीत कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से फोन के माध्यम से करवाई। बातचीत के दौरान शुभम के पिता ने प्रियंका गांधी से कहा, “आपकी दादी और पिता को भी आतंकवादियों ने छीना है, आप हमारे दर्द को समझ सकती हैं।” प्रियंका गांधी ने करीब सात मिनट तक परिवार के सदस्यों से बात की और उन्हें ढांढस बंधाया।

















