हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
अलीगढ़। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जमालपुर फ्लाईओवर पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। चायनीज मांजे से स्कूटी सवार युवक की गर्दन कट गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार युवक स्कूटी से घर लौट रहा था, तभी अचानक उड़ते हुए चायनीज मांजे की डोर उसकी गर्दन पर लिपट गई। मांजा इतना धारदार था कि गहरा घाव लगते ही युवक लहूलुहान होकर स्कूटी से गिर पड़ा।
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सिविल लाइन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने चायनीज मांजे की बिक्री और उपयोग पर सख्ती से प्रतिबंध लगाने की मांग की है, क्योंकि इस तरह के हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा फिर एक बार प्रशासन और लोगों को सचेत करता है कि प्रतिबंधित चायनीज मांजा केवल पक्षियों ही नहीं, बल्कि इंसानों की जान के लिए भी घातक साबित हो रहा है।















