हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
एशिया कप 2025 के बीच भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। अब टीम इंडिया की जर्सी पर ड्रीम 11 की जगह अपोलो टायर का लोगो नजर आएगा। बीसीसीआई (BCCI) ने अपोलो टायर के साथ नया करार किया है, जो साल 2027 तक चलेगा। इस दौरान भारत लगभग 130 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगा।
कितनी है डील की कीमत
रिपोर्ट्स के अनुसार अपोलो टायर टीम इंडिया को एक मैच के लिए लगभग 4.5 करोड़ रुपये देगा। यह राशि पिछली स्पॉन्सर डील से ज्यादा है। ड्रीम 11 की डील एक मैच के लिए 4 करोड़ रुपये की थी, यानी अपोलो टायर ने प्रति मैच 50 लाख रुपये अधिक की पेशकश की।
किन्हें पछाड़ा अपोलो टायर ने
टीम इंडिया की जर्सी स्पॉन्सरशिप पाने की दौड़ में कैनवा और जेके टायर जैसी कंपनियां भी शामिल थीं। हालांकि अपोलो टायर ने इन दोनों को पछाड़ते हुए करार अपने नाम किया। इसके अलावा बिरला ऑप्टस पेन्टस ने भी स्पॉन्सर बनने की इच्छा जताई थी, लेकिन वह बोली प्रक्रिया में शामिल नहीं हुए।
बोली प्रक्रिया और शर्तें
स्पॉन्सरशिप के लिए बोली 16 सितंबर 2025 को लगाई गई थी। बीसीसीआई ने 2 सितंबर को बोली आमंत्रित करने का नोटिस जारी किया था। इस दौरान बोर्ड ने साफ किया था कि गेमिंग, बेटिंग, क्रिप्टो और टोबैको से जुड़ी कंपनियों को स्पॉन्सरशिप की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही बैंकिंग, फाइनेंशियल और स्पोर्ट्सवीयर बनाने वाली कंपनियों को भी इस दौड़ से बाहर रखा गया था।
कब से नजर आएगा लोगो
फिलहाल टीम इंडिया एशिया कप 2025 में खेल रही है, जो यूएई के अबू धाबी और दुबई में आयोजित हो रहा है। अभी टीम इंडिया बिना किसी स्पॉन्सर लोगो वाली जर्सी पहनकर खेल रही है। हालांकि, उम्मीद है कि एशिया कप समाप्त होने के बाद ही भारतीय टीम की नई जर्सी पर अपोलो टायर का लोगो दिखाई देगा।
इस डील के साथ अपोलो टायर ने भारतीय क्रिकेट के साथ एक नया अध्याय जोड़ दिया है और अगले दो वर्षों तक यह साझेदारी जारी रहेगी।













