हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
अलीगढ़। बरौला जाफराबाद में दीपावली की रात पटाखे चलाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सोमवार देर रात अरुण कुमार का 16 वर्षीय बेटा मिथुन और 15 वर्षीय बेटी लवली घर के बाहर पटाखे चला रहे थे। इसी दौरान उन्होंने गंधक पोटाश से भरी बोतल में आग लगा दी, जो अचानक तेज धमाके के साथ फट गई। धमाका इतना जबरदस्त था कि मिथुन के दोनों हाथ के चिथड़े उड़ गए और लवली का चेहरा व कान बुरी तरह झुलस गए। अरुण की पत्नी अनिष्का और पड़ोसी का पांच वर्षीय बेटा कृष्णा भी इसकी चपेट में आ गए। सभी को गंभीर हालत में जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से मिथुन और लवली को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में ही मिथुन ने दम तोड़ दिया।
लवली का दिल्ली में इलाज जारी है, जबकि अनिष्का और कृष्णा जिला अस्पताल में भर्ती हैं। हादसे की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी और परिवार ने चुपचाप अंतिम संस्कार कर दिया। मंगलवार सुबह जब शव घर पहुंचा तो क्षेत्र में कोहराम मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाके से दीवारें चटक गईं और प्लास्टर तक उखड़ गया। इंस्पेक्टर बन्नादेवी एसपी सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जाएगी। हादसे से पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।
















