हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
फारबिसगंज (बिहार) के दीनदयाल चौक पर रविवार को एनडीए के प्रधान चुनाव कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान बड़ा हंगामा देखने को मिला। कार्यक्रम का समय शाम 4 बजे तय था, लेकिन नेताओं के देर से आने के कारण सुबह से इंतजार कर रही महिलाओं और कार्यकर्ताओं का सब्र टूट गया।
जानकारी के अनुसार, कई महिलाएं यह सोचकर कार्यक्रम में पहुंची थीं कि उद्घाटन के अवसर पर उन्हें छठ पर्व के लिए साड़ी और पूजन सामग्री वितरित की जाएगी। लेकिन नेताओं के न पहुंचने से महिलाओं में नाराजगी बढ़ती गई। जब निर्धारित समय बीत गया और कोई नेता नहीं आया, तो महिलाओं ने कुर्सियां उठाकर ले जाना शुरू कर दिया।
देखते ही देखते कई महिलाएं गाली-गलौज करते हुए कुर्सियां अपने सिर पर रखकर कार्यालय से बाहर निकल गईं। इस दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थानीय कार्यकर्ताओं और टेंट हाउस के लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक कई कुर्सियां जा चुकी थीं। हंगामे के कारण उद्घाटन से पहले ही कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था फैल गई और आयोजनकर्ताओं को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा।

















