हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ 23 मई : 2025
लखनऊ, 23 मई 2025 — उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह “उबाऊ और थकाऊ जोड़ी” कांग्रेस जैसी उम्रदराज पार्टी को “मज़ाक का विषय” बना चुकी है।
मौर्य ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा,
“कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे और ‘कांग्रेस के स्थायी अध्यक्ष’ श्री राहुल गांधी की उबाऊ और थकाऊ जोड़ी ने उम्रदराज पार्टी को मजाक का विषय बना दिया है।”
उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अभियान की सफलता के बाद कांग्रेस नेतृत्व हताशा और नकारात्मकता की राजनीति कर रहा है।
“अर्थिक एवं विदेशी मामलों को समझने वाले कांग्रेस के कुछेक नेता ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर मोदी सरकार को लेकर जहां सकारात्मक हैं, वहीं खरगे-गांधी की जोड़ी ने ‘घोर नकारात्मकता का खोल ओढ़’ रखा है।”
केशव मौर्य ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के अंदर जाकर की गई कार्रवाई पर देश गर्व कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने कार्रवाई के सबूत भी प्रस्तुत किए, लेकिन कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व इस पर शोक व्यक्त कर रहा है।
“ऑपरेशन सिंदूर के सफल होने के बाद से ही इस जोड़ी के चेहरों पर मातम पसरा था कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान के अंदर जाकर प्रहार कर दिया और सबूत भी पेश किए। यह मातम अब उनकी खुन्नस में तब्दील हो गया है।”
अपने बयान में मौर्य ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे की अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को समझने की क्षमता पर भी सवाल उठाया।
“अंतरराष्ट्रीय मामलों में ‘बौनी समझ’ रखने वाली इस जोड़ी और उनकी पार्टी में दुनियादारी समझने वाले नेताओं में जमीन-आसमान का फर्क है।”

















