हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ रविवार 25 मई 2025
अलीगढ़: जिले में कोविड संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। जेएन मेडिकल कॉलेज के मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रो. सैयद अमजद अली रिजवी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में कोविड को लेकर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यहां आइसोलेशन वार्ड सक्रिय कर दिया गया है और ऑक्सीजन प्लांट पूरी तरह से सुचारु रूप से कार्य कर रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में गाजियाबाद, नोएडा और जालौन के एम्स में एक-एक मरीज कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, दो दिन पहले गाजियाबाद में चार लोगों में कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई थी, जिनमें सर्दी-जुकाम जैसे लक्षण पाए गए थे। इसके बाद से अलीगढ़ स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है।
अलीगढ़ में जेएन मेडिकल कॉलेज के अलावा मलखान सिंह जिला अस्पताल और पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में भी कोविड से निपटने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तीनों अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड तैयार कर दिए गए हैं।
सीएमओ ने सभी प्रमुख अस्पतालों के चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि कोविड की जांच व्यवस्था मजबूत की जाए और लैब में आवश्यक इंतजाम किए जाएं। साथ ही ऐसे मरीज जिनमें कोविड जैसे लक्षण (सर्दी, खांसी, बुखार आदि) नजर आएं, उनकी जांच अवश्य कराई जाए।
















