हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ बुधवार 28 मई 2025
जासं, अलीगढ़ : जिले में अंतिम संस्कार की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। अलीगढ़ जनपद में जल्द ही 13 नए अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए शासन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु लक्ष्य निर्धारित करते हुए बजट आवंटित कर दिया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी मोहम्मद राशिद खान ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले की कुल 852 ग्राम पंचायतों में से जिन क्षेत्रों में अंतिम संस्कार की पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं, वहां नए अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण की योजना बनाई गई है। इसके लिए संबंधित ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
प्रत्येक अंत्येष्टि स्थल के निर्माण पर 24 लाख रुपये की लागत आएगी। इस बजट से अंत्येष्टि स्थल पर इंटरलॉकिंग टाइल्स, टिनशेड, स्टोर रूम, पेयजल की व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे वहां आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रमुख बिंदु :
- ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव मांगने की प्रक्रिया शुरू
- जनप्रतिनिधियों की सहमति और पंचायत सभा के प्रस्ताव अनिवार्य
- नदी किनारे स्थित स्थलों को प्राथमिकता
- कुछ अंत्येष्टि स्थल पहले से निर्माणाधीन, कुछ पूर्ण भी हो चुके हैं
- योजना को मनरेगा, 15वें वित्त आयोग और राज्य वित्त से भी मिलेगी धनराशि
प्रस्तावों को अंतिम रूप देने के लिए जनप्रतिनिधियों से सुझाव और सहमति पत्र मंगवाए जा रहे हैं। इसके बाद ग्राम पंचायतों का चयन कर प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे। शासन से अंतिम अनुमोदन प्राप्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।
शासन का यह निर्णय जिले में बढ़ती जनसंख्या और अंत्येष्टि स्थलों की सीमित संख्या को ध्यान में रखकर लिया गया है। ऐसे क्षेत्रों की पहचान की जा रही है जहां अंतिम संस्कार के लिए समुचित व्यवस्था नहीं है या फिर शवों की संख्या अधिक होती है। ऐसे स्थानों पर सुविधाजनक अंत्येष्टि स्थल निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी।
















