हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ बुधवार 28 मई 2025 अलीगढ़
अलीगढ़ महेंद्र नगर, मंगलवार: नगर निगम के पशु कल्याण विभाग एवं प्रवर्तन दल ने महेंद्र नगर और पला क्षेत्र में अपंजीकृत डेरी संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। टीम ने कार्रवाई के दौरान पाया कि कई डेरी संचालक अपने डेरी के गंदे पानी व गोबर को नालियों में बहा रहे हैं, साथ ही सड़क पर भी गंदगी फैला रहे हैं जिससे आसपास के इलाके की साफ-सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. राजेश वर्मा ने बताया कि महेंद्र नगर गली नंबर-3 सहित आसपास के कई इलाकों में संचालित अपंजीकृत डेरी संचालकों को नोटिस जारी कर 500 रुपए से लेकर 5000 रुपए तक का जुर्माना लगाया गया है। कुल मिलाकर आठ डेरी संचालकों से 32 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया गया है।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि शहर की स्वच्छता और छवि को खराब करने वालों के विरुद्ध नगर निगम सख्त कदम उठाएगा। लगातार चेतावनी देने के बावजूद यदि डेरी संचालक अपने गोबर और अन्य अपशिष्ट को नालियों या सड़क पर बहाना बंद नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध गोवंश और पशुओं को जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने साफ किया कि नगर निगम सफाई व्यवस्था को बाधित करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित करेगा ताकि शहर में स्वच्छता बनाए रखी जा सके।
















