हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ सोमवार 2 जून 2025
लखनऊ: किसानों की भलाई के लिए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक और बड़ी पहल की है। प्रदेश के 16 जिलों में बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (पैक्स) के माध्यम से 500 से 1000 मीट्रिक टन क्षमता वाले अन्न गोदामों का निर्माण किया जाएगा। यह योजना विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य कृषि उत्पादों के भंडारण और विपणन को मजबूती देना ह
सरकार द्वारा लखनऊ, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अमेठी, बहराइच, रायबरेली, एटा, मथुरा, फर्रुखाबाद, लखीमपुर खीरी, कानपुर नगर, महाराजगंज, कुशीनगर, जालौन, पीलीभीत और झांसी जिलों को इस योजना में शामिल किया गया है। इन जिलों में 24 पैक्स के माध्यम से गोदाम बनाए जाएंगे।
इन गोदामों के निर्माण से किसानों को अपनी उपज को लंबे समय तक सुरक्षित रखने की सुविधा मिलेगी। इससे उन्हें फसल बेचने की जल्दबाजी नहीं करनी पड़ेगी और सही समय पर उचित दाम मिलने की संभावना बढ़ेगी। साथ ही यह कदम किसानों को बिचौलियों से मुक्ति दिलाएगा और वे सीधे बाजार में अपनी उपज बेच सकेंगे।
सरकार का मानना है कि यह योजना कृषि उद्योग और आवश्यक वस्तुओं के प्रबंधन को बेहतर बनाएगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति सुचारु रूप से सुनिश्चित होगी। इस पहल से किसानों को पारदर्शी और कुशल बिक्री प्रणाली का लाभ मिलेगा, जिससे उनके हितों की रक्षा होगी।

















