हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ मंगलवार 3 जून 2025 अलीगढ़
अलीगढ़। अपराध की दुनिया में कुख्यात मुनीर के राठी जुबैर को दिल्ली से अलीगढ़ जेल में स्थानांतरित कर दिया गया है। अदालत से मामलों में जमानत मिलने के बाद उसे यहां लाया गया। जेल प्रशासन ने उसे संवेदनशील श्रेणी में रखा है और उस पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के हबीब हॉल के पास छात्र शाहबेज की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में जुबैर के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। उस पर 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
इसके बाद मार्च 2019 में दिल्ली की फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में मारपीट और लूट के एक मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था। तभी से वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद था।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक बृजेन्द्र सिंह यादव ने पुष्टि की है कि जुबैर को अलीगढ़ जेल में संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है और उस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।














