हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ :
चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद प्रशासनिक बदलाव और SIT रिपोर्ट पर होगा मंथन
अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद सोमवार को श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। दोपहर 3 बजे मंदिर परिसर स्थित गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास करेंगे। माना जा रहा है कि बैठक में महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल कुमार मिश्रा के इस्तीफों पर चर्चा के साथ-साथ ट्रस्ट की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़े बदलावों पर भी फैसला लिया जा सकता है।
बैठक में तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) की अंतरिम रिपोर्ट भी ट्रस्ट के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर चढ़ावे की सुरक्षा व्यवस्था, जवाबदेही तय करने और वित्तीय प्रबंधन को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए नए कदमों पर विचार होगा। सूत्रों के अनुसार, मंदिर के संचालन को अधिक पेशेवर बनाने के लिए पूर्णकालिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है।
जांच तेज, आठ आरोपी जेल में
चढ़ावा चोरी मामले में अब तक आठ आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। रविवार को पुलिस ने जेल में बंद पांच आरोपियों से करीब पांच घंटे तक पूछताछ की। जांच के दौरान अभियुक्त अविनाश शुक्ला के बैंक खाते में 15 लाख रुपये से अधिक के लेन-देन की जानकारी सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह रकम मंदिर के चढ़ावे से जुड़ी है या नहीं। आरोप है कि उसने कई लोगों को धनराशि ट्रांसफर की और एक महिला मित्र को करीब दो लाख रुपये नकद तथा महंगा मोबाइल फोन भी उपहार में दिया।
सियासत भी हुई तेज
मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने जांच का दायरा बढ़ाने की मांग करते हुए सार्वजनिक आरोप लगाने वाले नेताओं के बयान दर्ज करने की बात कही है। वहीं, ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेवगिरि ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी निजी तौर पर दान स्वीकार नहीं किया और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष व कठोर कार्रवाई की वकालत की।
अब सबकी निगाहें ट्रस्ट की बैठक पर टिकी हैं, जहां चंपत राय के इस्तीफे, प्रशासनिक सुधार और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर अहम फैसले सामने आ सकते हैं।
#Ayodhya #RamMandir #ChampatRai #RamTempleTrust #DonationCase















