हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ मंगलवार 3 जून 2025 अलीगढ़
अलीगढ़। बनदवी थाना क्षेत्र के गांव एलमपुर गढ़िया में शनिवार की शाम दो बाइकों पर सवार छह युवकों ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित रोनवीर ने बताया कि शनिवार की शाम दो बाइकों पर छह युवक गांव में आए और पीछे बैठे युवकों ने एक के बाद एक कई हवाई फायर किए। यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पुलिस ने रोनवीर की तहरीर पर आरोपियों गोलू, मोवा, रॉकी, राहुल, अरुण और दशवा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
इंस्पेक्टर पंकज तिवारी ने बताया कि आरोपी युवकों ने हवाई फायरिंग की थी, जिनकी पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














