हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ बुधवार 4 जून 2025 अलीगढ़
अलीगढ़: अलीगढ़ जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार रात 22 किलो 700 ग्राम चांदी के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा। मामला संदिग्ध लगने पर आरपीएफ ने जीएसटी टीम को सूचित किया, जो अब चांदी की शुद्धता की जांच कर रही है।
मथुरा निवासी यह व्यक्ति प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर दो भारी बैग के साथ खड़ा था। गश्त कर रही आरपीएफ और जीआरपी टीम को बैग के वजन के कारण शराब होने का संदेह हुआ। पूछताछ में व्यक्ति ने बताया कि बैग में चांदी है और वह मथुरा से गरीब रथ ट्रेन के जरिए जयनगर जा रहा है।
व्यक्ति को जीआरपी थाने लाया गया और अलीगढ़ जीएसटी मोबाइल दल को सूचना दी गई। प्रारंभिक जांच में जीएसटी टीम ने बिल को सही पाया, लेकिन चांदी में मिलावट की आशंका जताई। बिल पर जीएसटी और तीन प्रतिशत मुहर भी लगी है।
बिल में भुगतान का विवरण नहीं
पकड़े गए व्यक्ति द्वारा दिखाए गए बिल में 22 किलो 700 ग्राम चांदी का भुगतान जीएसटी सहित होने की बात कही गई है, लेकिन भुगतान का माध्यम (कैश, चेक या ऑनलाइन) स्पष्ट नहीं है। दिशानिर्देशों के अनुसार, इतनी बड़ी राशि का भुगतान कैश में नहीं किया जा सकता, जिसके चलते बिल संदिग्ध माना जा रहा है। जीएसटी टीम मामले की गहन जांच कर रही है।














