हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ बुधवार 4 जून 2025 अलीगढ़
अलीगढ़, 04 जून 2025: अलीगढ़ मण्डल की आयुक्त संगीता सिंह ने जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए यातायात पुलिस को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दुपहिया वाहनों पर तीन या चार लोगों की सवारी एवं बिना हेलमेट वाहन चलाने की घटनाएं आम हो गई हैं, जो न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकती हैं।
इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण एवं नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद अलीगढ़ में एक माह का विशेष ‘सड़क यातायात सुरक्षा अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत नियम तोड़ने वालों पर चालान, जुर्माना जैसी प्रवर्तन कार्यवाहियों के साथ-साथ जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
आयुक्त संगीता सिंह ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल दंडात्मक नहीं होगा, बल्कि इसका उद्देश्य शिक्षाप्रद भी होगा। इसके माध्यम से लोगों को सुरक्षित वाहन संचालन की जानकारी दी जाएगी ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संख्या को न्यूनतम किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक (यातायात) को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान की समाप्ति के बाद सभी प्रवर्तन कार्रवाइयों एवं लगाए गए जुर्मानों की विस्तृत रिपोर्ट समयबद्ध रूप से प्रस्तुत की जाए। आयुक्त ने इस अभियान को “शीर्ष प्राथमिकता” पर लेते हुए समस्त संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।














