हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ गुरुवार 5 जून 2025 अलीगढ़
अलीगढ़,। राज्यकर विभाग की एआईबी (एंटी इवेजन ब्रांच) टीम ने बुधवार को मथुरा रोड स्थित झम्मन लाल कंपाउंड के पास कृष्णा स्टील फर्म पर छापेमारी की। जांच के दौरान फर्जी दस्तावेजों के जरिए मेटल की खरीद दिखाने और बोगस ITC (इनपुट टैक्स क्रेडिट) क्लेम करने का बड़ा मामला सामने आया है।
एआईबी की जांच में पता चला कि फर्म ने अब तक लगभग 80 लाख रुपये की मेटल खरीद कागज़ों में दर्शाई है, जबकि मौके पर एक भी माल का भौतिक सत्यापन नहीं हो सका। इसके अलावा, जीएसटी लागू होने के बाद से फर्म द्वारा करीब 70 से 80 लाख रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट का दावा भी किया गया है।
छापेमारी का नेतृत्व डीसी एआईबी अखिलेश सिंह ने किया, जिनके साथ असिस्टेंट कमिश्नर शिव कुमार सिंह व एडिशनल एआईबी डॉ. अभिषेक सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार, यह फर्म केवल कागज़ों में लेनदेन कर रही थी और वर्षों से फर्जीवाड़ा चल रहा था।
जांच में यह भी सामने आया कि पूर्व में अन्य मामलों की पड़ताल के दौरान भी इस फर्म का नाम बोगस फर्मों की सूची में सामने आ चुका है। इस आधार पर टीम ने जांच को आगे बढ़ाया। मौके पर माल न मिलने के कारण विभाग ने फर्म संचालक को नोटिस जारी कर दिया है।
एआईबी अधिकारियों ने बताया कि मामले में टैक्स और जुर्माना दोनों की वसूली की जाएगी। फर्म से जुड़े सभी दस्तावेज और ट्रांजैक्शन की विस्तृत जांच की जा रही है।














