हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ शनिवार 7 जून 2025 अलीगढ़
अलीगढ़: मॉरिशस इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित ग्रीष्मकालीन समर कैंप का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह समर कैंप 19 मई से 07 जून तक आयोजित किया गया, जिसमें यूकेजी से लेकर आठवीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। छुट्टियों से पहले बच्चों के सर्वांगीण विकास और कौशल वृद्धि के उद्देश्य से स्कूल प्रशासन द्वारा इस कैंप का आयोजन किया गया था।
स्कूल के निदेशक मुकेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि इस कैंप में विद्यार्थियों को कई रचनात्मक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों से जोड़ा गया। उप निदेशिका नीना सक्सेना ने बताया कि बच्चों को इंग्लिश स्पीकिंग, राइटिंग स्किल्स, कंप्यूटर क्लासेज, ड्रॉइंग, योगा, ताईकमांडो, स्केटिंग, मेंहदी डिज़ाइनिंग और ढोलक वादन जैसी विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया। इन गतिविधियों से बच्चों की रचनात्मकता और आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई।
प्रधानाचार्या पायल अग्रवाल ने कहा कि कैंप के दौरान बच्चों में सीखने का उत्साह और उमंग देखने लायक थी। बच्चों ने नई-नई चीजें सीखी और उनमें सामाजिकता, अनुशासन तथा आत्मनिर्भरता का विकास हुआ। उन्होंने कहा कि समर कैंप बच्चों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि उनके मनोरंजन और मानसिक विकास का भी माध्यम बना।
इस पूरे कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ का भरपूर सहयोग रहा। समापन अवसर पर सभी बच्चों को उनके प्रदर्शन के अनुसार प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। समर कैंप की सफलता ने स्कूल में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक माहौल तैयार किया।














