हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच गुवाहाटी में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन के खेल के बाद आज वनडे और टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का चयन किया जाएगा। फैंस की सबसे बड़ी उत्सुकता इस बात को लेकर है कि वनडे सीरीज का कप्तान कौन बनेगा, क्योंकि नियमित कप्तान शुभमन गिल गर्दन की चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं। वहीं उप-कप्तान श्रेयस अय्यर भी चोट के चलते बाहर हैं, जिससे चयनकर्ताओं के सामने विकल्प सीमित हो गए हैं।
चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर और चयन समिति टेस्ट मैच के दौरान से ही गुवाहाटी में मौजूद हैं। माना जा रहा है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों को वनडे टीम में जगह मिलेगी। अब कप्तानी के लिए पहला विकल्प पूर्व कप्तान रोहित शर्मा हो सकते हैं। अगर चयनकर्ता नए नेतृत्व की ओर बढ़ते हैं, तो केएल राहुल मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। इसके अलावा रिपोर्ट्स के मुताबिक ऋषभ पंत को भी वनडे कप्तानी का मौका दिया जा सकता है, जिससे वे टीम में दोबारा अपनी जगह पक्की कर सकें।
गिल की गैरहाजिरी में यशस्वी जायसवाल के वनडे डेब्यू की संभावना बहुत मजबूत हो गई है। वे रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं। बॉलिंग विभाग में जसप्रीत बुमराह को आराम दिए जाने की संभावना है, वहीं कुलदीप यादव शादी के कारण उपलब्ध नहीं होंगे। ऐसे में अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती बॉलिंग अटैक की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।
टी20 सीरीज में भी शुभमन गिल का खेलना मुश्किल लगता है। इसलिए यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन को शीर्ष क्रम में मौका मिल सकता है। सबसे बड़ा सवाल ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की उपलब्धता को लेकर है, जो एशिया कप में चोटिल होने के बाद लगभग दो महीने से बाहर हैं। रविवार को चयन के दौरान पता चलेगा कि हार्दिक फिट हैं या नहीं।

















