हिन्दुस्तान मिरर न्यूज:
ईंधन बचत और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने की पहल
केंद्रीय राज्यमंत्री Ramdas Athawale ने प्रधानमंत्री Narendra Modi की ईंधन बचत और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की अपील का समर्थन किया है। इसी क्रम में आज रामदास आठवले मुंबई में मेट्रो से सफर करेंगे। उनका यह कदम पेट्रोल-डीजल की बचत, ट्रैफिक कम करने और लोगों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।
विधान भवन से बीकेसी तक करेंगे मेट्रो यात्रा
कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय मंत्री दोपहर 12 बजे मुंबई के विधान भवन मेट्रो स्टेशन से यात्रा शुरू करेंगे और बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) तक मेट्रो से सफर करेंगे। यह यात्रा एक्वा मेट्रो के भूमिगत मार्ग से पूरी की जाएगी। आठवले ने कहा कि देशहित में आम लोगों को भी निजी वाहनों का कम इस्तेमाल करना चाहिए और कार पूलिंग व सार्वजनिक परिवहन को अपनाना चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी की अपील का किया समर्थन
रामदास आठवले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन बचाने, विदेश यात्राएं कम करने और अनावश्यक खर्चों से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि भारत को विकसित अर्थव्यवस्था बनाना है और हर व्यक्ति को आर्थिक न्याय देना है, तो लोगों को जिम्मेदारी के साथ खर्च करना होगा।
सोने की बढ़ती कीमतों पर जताई चिंता
आठवले ने कहा कि सोने की कीमतें लगातार तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री ने लोगों से जरूरत से ज्यादा सोना खरीदने से बचने की अपील की है। उनका मानना है कि बचत और निवेश के सही विकल्प अपनाकर देश की अर्थव्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है।
‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर
केंद्रीय मंत्री ने ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों को अपनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में 10वें स्थान से चौथे स्थान पर पहुंच चुकी है और अब देश का लक्ष्य तीसरी तथा दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना है। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। आठवले ने सभी नागरिकों से प्रधानमंत्री मोदी की अपील का पालन करने का आग्रह किया।
#MumbaiMetro #RamdasAthawale #PMModi #FuelSaving #PublicTransport #MadeInIndia #IndiaEconomy

















