हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ :
चहल्लूम और कांवड़ यात्रा को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सहारनपुर। आगामी कांवड़ यात्रा और 4 अगस्त को होने वाले चहल्लूम पर्व को लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर पहुंचा दी गई है। सहारनपुर पुलिस प्रशासन ने यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। पूरे कांवड़ मार्ग पर एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) की विशेष यूनिट तैनात रहेगी, जो संभावित आतंकी गतिविधियों और संवेदनशील इनपुट पर लगातार नजर रखेगी।
शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिनंदन ने सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स, ट्रैफिक वार्डन्स, स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) और डिजिटल वॉलंटियर्स के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में स्वयंसेवकों ने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर यात्रा को सफल बनाने का भरोसा दिलाया।
PAC, RAF और अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा तैनात
एसएसपी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए लगभग तीन कंपनियां पीएसी, आरएएफ, जनपद पुलिस के अलावा बाहरी जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया जाएगा। अस्थायी पुलिस चौकियों पर एसपीओ और ट्रैफिक वार्डन्स की तैनाती की जाएगी, जिससे भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन सुचारु बना रहे।
रूट डायवर्जन लागू, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
कांवड़ मार्ग पर रूट डायवर्जन पहले ही लागू कर दिया गया है और यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस वर्दीधारी और सादे कपड़ों में तैनात कर्मियों, ड्रोन कैमरों तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखेगी। विभिन्न खुफिया एजेंसियों से लगातार इंटेलिजेंस इनपुट भी लिए जा रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने, माहौल बिगाड़ने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं से प्रशासन का सहयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।

















