हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ :
विदेश मंत्रालय ने बताया- 400 भारतीय चीन की तरफ सुरक्षित, राहत-बचाव अभियान तेज; जयशंकर ने कहा- जरूरत पड़ी तो NDRF की टीम भेजेंगे
नई दिल्ली। नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। बाढ़ प्रभावित इलाकों से सुरक्षित निकाले गए 21 भारतीय नागरिक शुक्रवार को दिल्ली पहुंच गए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि तमिलनाडु के रहने वाले ये नागरिक काठमांडू से इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली पहुंचे हैं। इन्हें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से निकालकर पहले काठमांडू लाया गया था।
जायसवाल ने बताया कि त्रिशूली वन हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट में काम कर रहे 63 भारतीय नागरिकों को भी सुरक्षित निकाल लिया गया है। इसके अलावा चीन की तरफ फंसे 96 भारतीय नागरिक जमीन के रास्ते सुरक्षित नेपाल पहुंच चुके हैं। उन्हें भी वहां से निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
320 लोगों से नहीं हो पा रहा संपर्क
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, फिलहाल करीब 320 लोगों से संपर्क नहीं हो पा रहा है या वे लापता हैं। मंत्रालय अलग-अलग सूचियों का मिलान कर स्थिति स्पष्ट करने में जुटा है। इसके अलावा भारतीय मूल के करीब 100 ऐसे लोगों से भी संपर्क नहीं हो पाया है, जिनके पास किसी अन्य देश की नागरिकता है। आशंका है कि इनमें कुछ लोग कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए हो सकते हैं।
विदेश मंत्रालय का कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे सक्रिय है। काठमांडू और बीजिंग स्थित भारतीय दूतावासों के कंट्रोल रूम भी लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
चीन की तरफ 400 भारतीय सुरक्षित
रणधीर जायसवाल ने बताया कि चीन की तरफ करीब 400 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं और अपने परिवारों के संपर्क में हैं। भारतीय दूतावास उनके साथ-साथ टीम लीडरों और ट्रैवल एजेंटों के संपर्क में है।
जयशंकर ने बचाए गए भारतीयों से की मुलाकात
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भी बचाए गए भारतीयों के एक समूह से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि नेपाली सेना ने इन लोगों को सुरक्षित निकाला और भारतीय दूतावास ने उनकी वापसी की व्यवस्था की। जयशंकर के मुताबिक, अलग-अलग स्थानों से करीब 85 भारतीयों को बचाया गया है, जिनमें दिल्ली पहुंचे 21 लोग भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि एक हाइड्रोइलेक्ट्रिक परियोजना की सुरंग में लोगों के फंसे होने की आशंका है। वहां विशेषज्ञों की टीम भेजी जा रही है। जरूरत के अनुसार बेली ब्रिज, मेडिकल टीम और NDRF की सहायता भी भेजी जाएगी। राहत सामग्री लेकर दो विमान पहले ही रवाना हो चुके हैं, जबकि तीसरा विमान भी भेजा जा रहा है।
#NepalFlood #India #RescueOperation #SJaishankar #BreakingNews

















