35 यात्रियों को लेकर महोबा जा रही थी डबल डेकर एसी बस, दयानतपुर गांव के पास अचानक लगी भीषण आग
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को एक भीषण हादसे में डबल डेकर स्लीपर एसी बस आग का गोला बन गई। हादसे में नौ यात्रियों की जिंदा जलने और दम घुटने से मौत हो गई, जबकि कई यात्री झुलस गए। बस करीब 35 यात्रियों को लेकर नोएडा से महोबा जा रही थी। हादसा ग्रेटर नोएडा से आगरा की ओर जाते समय दयानतपुर गांव के पास हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस दयानतपुर गांव के पास पहुंची ही थी कि उसमें अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बस लपटों से घिर गई। आग का पता चलते ही चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया। इसके बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने किसी तरह बस से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन पीछे की ओर सो रहे कई यात्री धुएं और आग के बीच फंस गए।
धुएं से भर गया बस का अंदरूनी हिस्सा
हादसे में सुरक्षित बचे एक यात्री ने बताया कि वह बस में सो रहा था। अचानक दरवाजा खटखटाने से उसकी आंख खुली तो चारों तरफ धुआं भरा था। यात्रियों में भगदड़ मची हुई थी। उसने बताया कि जान बचाने की जल्दबाजी में वह अपना सामान और जूते तक नहीं उठा सका, केवल मोबाइल लेकर बस से बाहर निकल आया। पीछे फंसे यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे के सुरक्षाकर्मी, स्थानीय पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने आग पर काबू पाया और झुलसे यात्रियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आग के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच भी कराई जा रही है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
#YamunaExpressway #GreaterNoida #BusFire #RoadAccident #Mahooba






















