हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ :
अलीगढ़। रेडिएंट स्टार्स इंग्लिश स्कूल में मंगलवार को विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा एवं उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि Additional Chief Judicial Magistrate श्री अंकित राज सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए POCSO Act 2012 के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी।

श्री अंकित राज सिंह ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके अधिकारों के बारे में बताते हुए समझाया कि किसी भी प्रकार की असहज, अनुचित या संदिग्ध स्थिति का सामना होने पर उसे छिपाएं नहीं और तत्काल अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी दें।

उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी समझाया कि जागरूकता और सही जानकारी बच्चों को अपने साथ होने वाली गलत परिस्थितियों को पहचानने तथा समय रहते सहायता लेने में सक्षम बनाती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बाल सुरक्षा और POCSO Act से संबंधित विभिन्न विषयों को समझा तथा अपनी जिज्ञासाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
विद्यालय के प्रबंधन निदेशक विनोद सिंघल ने मुख्य अतिथि श्री अंकित राज सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों को POCSO Act के बारे में जानकारी देना उनके जीवन में सही समझ और सुरक्षा की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनकी सुरक्षा और जागरूकता को भी प्राथमिकता देता है।




















