प्रेम प्रसंग में विवाद के बाद मोनू की मौत; सात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज, एक हिरासत में
मुजफ्फरनगर।हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ : जिले के मीरापुर कस्बे में प्रेम प्रसंग को लेकर चल रही रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। मोहल्ला सरायगेट निवासी युवक मोनू की कथित तौर पर जबरन जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने वारदात से पहले उसे 24 घंटे के भीतर जान से मारने की धमकी दी थी। युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव मीरापुर थाने के मुख्य गेट पर रखकर हंगामा किया। पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक आरोपी के पिता को हिरासत में लिया गया है।
नानखटाई की ठेली पर विवाद, घर पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर मोनू की पड़ोसी हर्ष और उसके भाइयों से नानखटाई की ठेली पर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद आरोपियों ने ईंट-पत्थरों से मोनू के घर पर हमला किया। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने उसे 24 घंटे के भीतर जान से मारने की धमकी दी थी।
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार देर रात आरोपियों ने मोनू को पकड़कर जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया और खतौली रोड स्थित कोल्ड स्टोर के पास फेंक दिया। गंभीर हालत में मोनू ने अपनी चचेरी बहन को फोन कर जहर पिलाए जाने की जानकारी दी। उसे मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाने के गेट पर शव रखकर प्रदर्शन
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन और स्थानीय लोग शव लेकर मीरापुर थाने पहुंचे। मुख्य गेट पर शव रखकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। सीओ ऋषिका सिंह, इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह और कस्बा इंचार्ज ओमेंद्र सिंह ने परिजनों को समझाया। पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी हर्ष के पिता सतीश को हिरासत में लेने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव ले गए।
सात नामजद आरोपियों पर हत्या का मुकदमा
मृतक के पिता मुन्ना की तहरीर पर हर्ष, तुषार, मंगलसैन, अक्षय, ललित, चिराग और राजन के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। परिजनों ने प्रेम प्रसंग को विवाद की वजह बताया है। कुछ दिन पहले युवती द्वारा मोनू को कोटद्वार बुलाने और वहां मारपीट किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस प्रेम प्रसंग, पुरानी रंजिश और घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सुरक्षा के मद्देनजर मोहल्ले में पुलिस बल तैनात किया गया है।
#Muzaffarnagar #MurderCase #Meerut #CrimeNews #UttarPradesh

















