सास और दामाद की अनोखी लव स्टोरी: शादी से 9 दिन पहले दूल्हे के साथ भागी दुल्हन की मां
घटना का स्थान: अलीगढ़, उत्तर प्रदेश
हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 10अप्रैल: 2025,
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के मडराक थाना क्षेत्र के मनोहरपुर गांव में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है, जिसमें एक महिला अपनी ही बेटी के होने वाले दूल्हे के साथ फरार हो गई। यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
कैसे शुरू हुआ यह रिश्ता?
शिवानी नाम की युवती की शादी राहुल नामक युवक से तय हुई थी। राहुल बेंगलुरु में काम करता है। रिश्ते के बाद शिवानी की मां ने राहुल को एक स्मार्टफोन उपहार में दिया, जो बाद में उनकी नजदीकियों की वजह बन गया।
धीरे-धीरे राहुल ने शिवानी की बजाय उसकी मां से बातें करना शुरू कर दीं और दोनों के बीच घंटों की बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। परिवार को इस रिश्ते की भनक तक नहीं लगी, जब तक कि दोनों अचानक गायब नहीं हो गए।
शादी से ठीक पहले हुई फरारी
शिवानी की शादी 16 अप्रैल को होनी थी। शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। तभी एक दिन शिवानी की मां “किसी काम” का बहाना बनाकर घर से निकली और फिर लौट कर नहीं आई।
उसी समय राहुल भी अपने घर से गायब मिला। बाद में जब दोनों की एक साथ तस्वीर सामने आई तो पूरा परिवार सन्न रह गया।
कैश और गहनों के साथ हुई फरारी
महिला अपने साथ बेटी की शादी के लिए रखे गए 5 लाख रुपये के जेवरात और 3.5 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गई। बेटी शिवानी ने बताया कि मां घर में 10 रुपये तक नहीं छोड़ गईं। महिला के पति जितेंद्र कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है।
परिवार का गुस्सा फूटा
बेटी शिवानी और उसके पिता जितेंद्र ने साफ कहा कि अब उनका उस महिला से कोई रिश्ता नहीं है। उन्हें सिर्फ घर का सोना, चांदी और नकद पैसा वापस चाहिए।
शिवानी ने कहा, “अब मां जिए या मरे, मुझे फर्क नहीं पड़ता।”
















