जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती; बस चालक हिरासत में
हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 11अप्रैल: 2025, अलीगढ़,
अलीगढ़: अलीगढ़-इगलास मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा हो गया जब एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने एक इलेक्ट्रिक टेंपो को टक्कर मार दी। यह हादसा बिजलीघर के सामने हुआ, जिसमें टेंपो में सवार तीन महिलाओं सहित आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां रेशमा और शशि की हालत गंभीर बनी हुई है।
जन्मदिन पार्टी से लौट रहे थे सभी
यह दुर्घटना उस समय हुई जब अलीगढ़ निवासी कुछ रिश्तेदार एक बच्ची के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होकर गांव मुकंदपुर से लौट रहे थे। गांव बेसली निवासी विपिन कुमारी की बेटी का जन्मदिन 10 अप्रैल को था। इसी सिलसिले में अलीगढ़ से रिश्तेदार बॉबी पुत्र राजकुमार के इलेक्ट्रिक टेंपो को बुक कर गांव आए थे। रात करीब नौ बजे सभी लोग अलीगढ़ लौट रहे थे तभी यह हादसा हुआ।
घायलों में महिलाएं और बच्चे शामिल
टेंपो में सवार जिन लोगों को चोटें आईं, उनके नाम इस प्रकार हैं:
- रेशमा पत्नी मनीष,
- सोनम पत्नी मुकेश,
- मुकेश की बेटियां मानसी व दीपांशी,
- परी पुत्री मनीष,
- नितिन पुत्र पप्पू (सभी निवासी गली नंबर चार, बिहारी नगर, अलीगढ़),
- शशि पत्नी नीरज व नीरज पुत्र रामकिशन (निवासी सराय कावा, तुर्कमान गेट)।
टेंपो में मौजूद चार-पांच छोटे बच्चों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। टेंपो चालक को भी कोई नुकसान नहीं हुआ।
बस चालक हिरासत में, कानूनी कार्रवाई की तैयारी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पास के सीएचसी में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। कोतवाल नरेंद्र यादव ने बताया कि रोडवेज बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
















