हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 16 अप्रैल: 2025,
सामाजिक सरोकारों में एक और अनुकरणीय पहल
अलीगढ़: सामाजिक संस्था जन कल्याण समिति ने गंगीरी निवासी 8 वर्षीय देवदास के इलाज के लिए आर्थिक सहायता प्रदान कर एक सराहनीय कार्य किया है। देवदास इन दिनों रामघाट रोड स्थित भारद्वाज हॉस्पिटल में भर्ती है, जहां उसका किडनी संक्रमण का इलाज चल रहा है।

संस्था के अध्यक्ष इमरान खान ने बताया कि देवदास के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और वह इलाज का खर्च वहन करने में असमर्थ हैं। यह जानकारी मिलने पर समिति के सचिव मुज़फ्फर इकबाल ने अन्य पदाधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद समिति के सभी पदाधिकारी तुरंत अस्पताल पहुंचे और परिवार को जरूरी आर्थिक सहायता प्रदान की।
संस्था ने न केवल वर्तमान खर्च में मदद की बल्कि आगे भी उपचार में सहयोग का भरोसा दिया, जिससे बच्चे के सही तरीके से इलाज में कोई रुकावट न आ सके। बच्चे की माँ और नाना ने समिति के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए दिल से आभार प्रकट किया।
इस मौके पर सचिव मुज़फ्फर इकबाल ने कहा, “हमारी संस्था जरूरतमंदों की सेवा और सहायता में विश्वास रखती है। हम समाज के सभी दानवीर व्यक्तियों से अपील करते हैं कि गरीब, लाचार और बेसहारा लोगों की मदद के लिए आगे आएं और संस्था की वित्तीय सहायता करें।”
इस अवसर पर अध्यक्ष इमरान खान, सचिव मुज़फ्फर इकबाल, उपसचिव फर्मान खान, कोषाध्यक्ष मोहम्मद रिज़वान, सदस्य बबलू राईन आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

















