न्दुस्तान मिरर न्यूज़: 1 मई : 2025,
कमिश्नर संगीता सिंह की पहल से महिला सशक्तिकरण और लोकल इकोनॉमी को मिलेगा बढ़ावा
अलीगढ़, 01 मई 2025 – अलीगढ़ मंडल की आयुक्त संगीता सिंह की विशेष पहल के तहत अब जिले के होटल स्वयं सहायता समूह (SHG) द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का उपयोग करेंगे। इस निर्णय से महिला सशक्तिकरण को बल मिलेगा और स्थानीय उत्पादों को एक स्थायी एवं बड़ा बाजार प्राप्त होगा।

बैठक में समझौता प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश
गुरुवार को आयुक्त संगीता सिंह की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में आयोजित बैठक में एसएचजी और होटल संचालकों के बीच आपसी सहयोग को लेकर चर्चा हुई। आयुक्त ने समूहों के उत्पादों को सीधे होटल इंडस्ट्री में उपयोग कराने के लिए समझौता प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

होटल इंडस्ट्री को मिलेगा गुणवत्तापूर्ण और सस्ता सामान
होटल संचालकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें स्थानीय स्तर पर सस्ते और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की उपलब्धता से लाभ होगा। इससे लॉजिस्टिक लागत भी घटेगी और स्थानीय व्यवसायों को समर्थन मिलेगा।
सीडीओ ने बताया – “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” को मिलेगा बल
मुख्य विकास अधिकारी (CDO) प्रखर कुमार सिंह ने कहा कि यह पहल न केवल स्थानीय महिलाओं की आय बढ़ाएगी बल्कि प्रधानमंत्री के “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत अभियान” को भी मजबूती प्रदान करेगी।

18000 महिला समूह, 1.82 लाख महिलाएं जुड़ीं – 35000 महिलाएं कर रहीं उत्पादन कार्य
पीडी डीआरडीए भालचंद त्रिपाठी ने बताया कि जिले में 18000 से अधिक महिला समूह कार्यरत हैं, जिनमें 1.82 लाख महिलाएं जुड़ी हुई हैं। इनमें से 35000 अग्रणी महिलाएं अचार, मुरब्बा, मसाले, शहद, आटा, पापड़, साबुन, पूजा किट, बैग, फ्लोर क्लीनर आदि वस्तुओं का उत्पादन कर रही हैं।
समूहों और होटलों के बीच माँग और आपूर्ति पर हुआ विचार-विमर्श
बैठक के दौरान डिमांड और सप्लाई को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। होटल संचालकों और समूहों ने आपसी सुझाव साझा करते हुए समन्वय की दिशा में कार्य करने का आश्वासन दिया।
बैठक में 22 महिला समूह और 11 होटल संचालकों ने लिया भाग
बैठक में तुलसी, जय माता दी, श्री गणेश, नारी शक्ति, मॉ वैष्णो, कान्हा जी, लक्ष्मी, राधा रानी, श्री राघव, आदि 22 स्वयं सहायता समूहों ने भाग लिया। वहीं रमाडा, लैमन ट्री, पाम ट्री, आभा, रॉयल रेजीडेंसी, क्लासी इन, स्काई डेक, समेत 11 प्रमुख होटलों के संचालक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अन्य अधिकारी भी रहे मौजूद
बैठक में अपर आयुक्त मंशाराम यादव, उपनिदेशक कृषि यशराज सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य दीनानाथ, एडी इंफॉर्मेशन संदीप कुमार, जिला मिशन प्रबंधक असलम, समीर एवं ब्लॉक मैनेजर उपस्थित रहे।














