हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 13 मई : 2025,
अलीगढ़, 13 मई 2025
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती मीना कुमारी 14 मई 2025 को अलीगढ़ जनपद में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित करेंगी। इस जनसुनवाई का उद्देश्य महिला उत्पीड़न की रोकथाम करना, पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना एवं महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती मीना कुमारी पूर्वान्ह 11:00 बजे से पीडब्लूडी गेस्ट हाउस, अलीगढ़ में जनसुनवाई करेंगी, जिसके पश्चात अपरान्ह 2:00 बजे से गभाना तहसील में भी इसी प्रकार की जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा।
जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री अजित कुमार ने बताया कि महिला जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारीगण, जैसे पुलिस विभाग, जिला कारागार प्रशासन, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग तथा महिला थानाध्यक्ष आदि उपस्थित रहेंगे। जनसुनवाई के दौरान महिला आयोग की सदस्य पीड़िताओं की समस्याओं को सुनेंगी तथा मौके पर ही समाधान के निर्देश देंगी।
इस अवसर पर श्रीमती मीना कुमारी द्वारा जिले के सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, बालिका एवं महिला गृहों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण भी किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान महिला कल्याण से जुड़ी सुविधाओं की स्थिति, महिला सुरक्षा के उपायों एवं केंद्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की जाएगी।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित समय व स्थान पर अद्यतन सूचनाओं सहित उपस्थित होकर बैठक में सक्रिय प्रतिभाग सुनिश्चित करें, जिससे पीड़ित महिलाओं को शीघ्र एवं प्रभावी न्याय दिलाया जा सके।















