हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑15 मई : 2025
अलीगढ़, 14 मई 2025 —
विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी राष्ट्रीय डेंगू दिवस 16 मई को जनपद अलीगढ़ में जागरूकता के उद्देश्य से मनाया जाएगा। इस बार की थीम है: “देखें, साफ करें, ढकें: डेंगू को हराने के उपाय करें”, जिसका उद्देश्य आम जनमानस को डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण के उपायों के प्रति जागरूक बनाना है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. नीरज त्यागी ने जानकारी देते हुए बताया कि डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण हेतु 16 मई को दोपहर 12 बजे कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक अंतरविभागीय समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मिलकर डेंगू नियंत्रण की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
डा. त्यागी ने यह भी बताया कि डेंगू से बचाव के लिए ज़रूरी है कि लोग अपने घर और आस-पास की जगहों को साफ रखें, जलभराव न होने दें और पानी की टंकियों को ढक कर रखें।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान चलाकर आमजन को जानकारी देने, घर-घर जाकर जागरूकता फैलाने, व आवश्यकतानुसार फॉगिंग और एंटी लार्वा दवाओं का छिड़काव किया जाएगा।

















