एएमयू एलुमनाई एसोसिएशन कतर ने दोहा में दास्तानगोई का आयोजन
अलीगढ़, 30 दिसंबरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय एलुमनाई एसोसिएशन कतर (एएमयूएएक्यू) ने दोहा स्थित इंडियन कल्चरल एंड बिजनेस फोरम के कंजानी हॉल में दास्तानगोई का विशिष्ट सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त रंगकर्मी, कवि व लेखक जावेद दानिश ने अपनी प्रसिद्ध प्रस्तुति दास्तान-ए-हिजरतों पेश की, जिसने दर्शकों को भावनात्मक रूप से प्रभावित किया। कार्यक्रम का स्वागत भाषण अध्यक्ष डॉ. नदीम जिलानी ने दिया, जबकि उपाध्यक्ष (लेडीज विंग) डॉ. आशना नुसरत ने गतिविधियों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर जावेद दानिश को स्मृति-चिह्न व शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। उनकी संपादित पुस्तक पस-ए-दस्तरस का विमोचन तथा एएमयूएएक्यू की वार्षिक पत्रिका अब्र-ए-अलीगढ़ भी भेंट की गई।
जेएनएमसी एमबीबीएस 2000 बैच का रजत जयंती पुनर्मिलन ‘रेवाइब 2के’ संपन्न
अलीगढ़, 30 दिसंबरः जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, एएमयू के एमबीबीएस 2000 बैच का रजत जयंती पुनर्मिलन ‘रेवाइब 2के’ दो दिवसीय गरिमामय समारोह के रूप में आयोजित हुआ। अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, यूएई और भारत से आए 86 पूर्व छात्रों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में स्मृतियों के साथ 25 वर्षों की पेशेवर यात्रा और चिकित्सा सेवा पर संवाद हुआ। डॉ. सबाहत हुसैन जैदी, डॉ. कविता गौर, डॉ. मेहविश हैदर व डॉ. सैयद असमत अली ने इसे प्रेरणादायी बताया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संवादात्मक सत्र और संकाय सदस्यों का सम्मान प्रमुख आकर्षण रहे। आयोजन समिति में डॉ. मंजूर अहमद, डॉ. सूफिया नसीम, डॉ. एस. हैदर एम. हुसैनी व डॉ. अनिमा दयाल शामिल रहीं।
एएमयू विश्वविद्यालय खेल समिति के चार क्लबों के अध्यक्ष नियुक्त
अलीगढ़, 30 दिसंबरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कुलपति ने विश्वविद्यालय खेल समिति के सचिव की संस्तुति पर चार क्लबों के अध्यक्षों की नियुक्ति को स्वीकृति प्रदान की है। वाणिज्य विभाग के प्रो. मोहम्मद शमीम को हाइकिंग एवं माउंटेनियरिंग क्लब, विश्वविद्यालय पॉलिटेक्निक के डॉ. मोहम्मद सरफराज आलम को राइडिंग क्लब का अध्यक्ष बनाया गया है। अनुप्रयुक्त रसायन विज्ञान विभाग के डॉ. यासिर आजम को टेनिस क्लब तथा शारीरिक शिक्षा विभाग के डॉ. मेराजुद्दीन फरीदी को एथलेटिक्स क्लब का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। गेम्स कमेटी सचिव प्रो. युसुफउज्ज्मा खान ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि उनके नेतृत्व में खेल गतिविधियों को नई दिशा और गति मिलेगी।
राष्ट्रीय सम्मेलन में जेएन मेडिकल कॉलेज के जूनियर रेजिडेंट को प्रथम पुरस्कार
अलीगढ़, 30 दिसंबरः जेएन मेडिकल कॉलेज, एएमयू के सामुदायिक चिकित्सा विभाग के अंतिम वर्ष के जूनियर रेजिडेंट डॉ. मोहम्मद बिलाल ने राष्ट्रीय सम्मेलन एमकॉन-25 में पोस्टर प्रस्तुति श्रेणी में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। उन्हें यह सम्मान “डायटरी फाइबर ऐज प्रिवेंटिव मेडिसिन” विषयक पोस्टर के लिए मिला, जिसमें इसबगोल की निवारक भूमिका पर यूनानी और आधुनिक न्यूट्रास्युटिकल दृष्टिकोण प्रस्तुत किया गया। यह कार्य डॉ. अली जाफर आबेदी के मार्गदर्शन में किया गया। विभागाध्यक्ष प्रो. उज्मा इराम ने डॉ. बिलाल को बधाई देते हुए इसे विभाग के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एएमयू कुलपति ने जराहत विभाग के एंडोस्कोपी सेक्शन का उद्घाटन किया
अलीगढ़, 30 दिसंबरः एएमयू की कुलपति प्रो. नईमा खातून ने यूनानी चिकित्सा संकाय के जराहत विभाग के नवनिर्मित एंडोस्कोपी सेक्शन का उद्घाटन किया। उन्होंने इसे महत्वपूर्ण नैदानिक सुविधा बताते हुए कहा कि इससे जेएनएमसीएच के रोगी भार को साझा करने में सहायता मिलेगी। समारोह में प्रो. बदरुज्जुजा खान, प्रो. एस. एम. सफदर अशरफ और प्रो. तफसीर अली सहित कई विशेषज्ञ उपस्थित रहे। प्रो. तफसीर अली ने विभाग के ऐतिहासिक योगदान, शोध परियोजनाओं और वर्तमान सुविधाओं—ईआरसीपी सहित आधुनिक एंडोस्कोपी—की जानकारी दी। यह सेक्शन रोगी सेवा के साथ स्नातकोत्तर प्रशिक्षण में भी सहायक होगा।
सऊदी अरब में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में एएमयू प्रोफेसर का शोध पत्र
अलीगढ़, 30 दिसंबरः एएमयू के जाकिर हुसैन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के वास्तुकला विभाग के प्रोफेसर डॉ. मोहम्मद फरहान फजली ने सऊदी अरब में आयोजित सस्टेनेबल एनर्जी एंड एनवायरनमेंटल सॉल्यूशंस कॉन्फ्रेंस 2025 में शोध पत्र प्रस्तुत किया। “अंडरस्टैंडिंग लैंडस्केप वैल्यूज” शीर्षक शोध पत्र सतत विकास और पर्यावरणीय योजना में लैंडस्केप मूल्यों के महत्व पर केंद्रित रहा। यह शोध डॉ. फजली और शोधार्थी अभिषेक भारद्वाज द्वारा संयुक्त रूप से लिखा गया है। सम्मेलन में इसे सराहना मिली और प्रकाशन प्रक्रिया में रखा गया है, जिससे एएमयू की वैश्विक शैक्षणिक सक्रियता उजागर हुई।
डीबीए 2000 बैच ने एएमयू में ‘बाजगश्त ए होमकमिंग’ का आयोजन किया
अलीगढ़, 30 दिसंबरः एएमयू के व्यवसाय प्रशासन विभाग के 2000 बैच के पूर्व छात्रों ने स्नातक होने के 25 वर्ष पूर्ण होने पर ‘बाजगश्त ए होमकमिंग’ पुनर्मिलन समारोह आयोजित किया। मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. नईमा खातून ने एलुमनी सहभागिता को विश्वविद्यालय विकास का आधार बताया। डीन प्रो. मोहम्मद नवेद खान और विभागाध्यक्ष प्रो. सलमा अहमद ने बैच की उपलब्धियों की सराहना की। पूर्व शिक्षकों ने एएमयू की परंपराओं पर प्रकाश डाला। पूर्व छात्रों ने अनुभव साझा कर मेंटरशिप और संस्थागत सहयोग का आश्वासन दिया, जिससे अल्मा मेटर से स्थायी संबंध और मजबूत हुए।
















