हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ शुक्रवार 30 मई 2025 अलीगढ़
अलीगढ़, 30 मई: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सैयद हमीद सीनियर सेकेंडरी स्कूल (बॉयज) में गुरुवार को ‘वैश्विक स्तर पर प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करना’ विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में स्कूल के शिक्षकों, गैर-शिक्षण स्टाफ और छात्रों ने सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी उप प्रधानाचार्य मोहम्मद जावेद खान ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण पर्यावरण के लिए न सिर्फ तात्कालिक, बल्कि दीर्घकालिक खतरा भी है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे स्थानीय स्तर पर छोटे-छोटे लेकिन प्रभावशाली कदम उठाकर प्लास्टिक पर निर्भरता को कम करें।
बारहवीं कक्षा के छात्र हिशाम और मोहम्मद शोएब ने वैश्विक स्तर पर प्लास्टिक उपयोग को नियंत्रित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, भूगोल विभाग के प्रभारी सबाहुद्दीन ने प्लास्टिक के मानव स्वास्थ्य, समाज और पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इसके समाधान के लिए व्यावहारिक उपाय भी सुझाए।
कार्यक्रम का सफल संचालन जैनब अरजुमंद वसीम, आयशा इमरान और कैप्टन नजफ अली खान ने संयुक्त रूप से किया।















