हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ शुक्रवार 30 मई 2025 अलीगढ़
अलीगढ़, 30 मई 2025। भारत सरकार और राज्य सरकार के निर्देशों के अनुपालन में संचालित विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025 के तहत जनपद अलीगढ़ में किसानों के बीच संवाद और जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को विकासखंड इगलास के कृसहारा कला, सहारा खुर्द, भटोई, बसई, नगला अहिवासी, नगला जार, तोछीगढ़, कारस और सीतापुर ग्रामों में विविध विभागों की संयुक्त टीमों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, कृषि विज्ञान केंद्र तथा कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की। प्रमुख विशेषज्ञों में डा. टी.जे. पुराकायस्थ, डा. अनु शर्मा, डा. भारती, डा. प्रशांत किशोर, डा. कुमार रंग, डा. जयदेव वर्मा, डा. सुधीर कुमार रावत, डा. अशरफ अली तथा डा. नेत्रपाल मलिक शामिल रहे।

विशेषज्ञों ने किसानों को मृदा परीक्षण, फसल प्रबंधन, दलहन-तिलहन मिशन, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार उर्वरक प्रयोग, डीएसआर विधि से धान की खेती, कृषि यंत्रीकरण, श्रीअन्न उत्पादन, मेड़ों पर अरहर की खेती, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि, नैनो यूरिया व डीएपी के उपयोग जैसे विषयों पर उपयोगी जानकारी दी।
इसके साथ ही किसानों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई और प्रत्यक्ष फीडबैक लेकर योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की स्थिति का मूल्यांकन भी किया गया।
कार्यक्रम में यशराज सिंह (उप कृषि निदेशक), धीरेन्द्र चौधरी (जिला कृषि अधिकारी), कृषि विज्ञान केंद्र छेरत के वरिष्ठ वैज्ञानिक, पशु चिकित्साधिकारी, इफ्को प्रतिनिधि, फसल बीमा प्रतिनिधि, सहायक विकास अधिकारी, क्षेत्रीय कर्मचारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
ग्राम प्रधानों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। किसानों ने वैज्ञानिकों द्वारा दी गई तकनीकी जानकारियों की सराहना की और कई विषयों पर महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए।















