हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: मंगलवार 10 जून 2025 अलीगढ़
अलीगढ़, कभी फाल्ट तो कभी कटौती — बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। अलीगढ़ गडराना क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज लोगों ने गढ़ाना बिजलीघर पर धावा बोल दिया। आक्रोशित भीड़ ने न सिर्फ कर्मचारियों से मारपीट की, बल्कि कार्यालय के फर्नीचर और रिकॉर्ड फाइलें भी तहस-नहस कर दीं।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र के कई गांवों में लंबे समय से बिजली की आंख-मिचौली चल रही थी। रविवार रात भी घंटों बिजली गुल रही, जिससे लोग गर्मी और उमस से बेहाल हो गए। सोमवार सुबह जब भीड़ बिजलीघर पहुँची, तो हालात बेकाबू हो गए।
भीड़ ने किया जमकर हंगामा
प्रदर्शनकारियों ने बिजलीघर में घुसकर कर्मचारियों को घेर लिया और हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान वहां मौजूद फर्नीचर को फेंक दिया गया और फाइलें बाहर निकालकर सड़क पर बिखेर दी गईं। मौके पर मौजूद अन्य स्टाफ जान बचाकर भागा।
सूचना पर पहुँची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया। बिजली विभाग की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ शुरू कर दी है।
विभाग ने जताई नाराजगी
बिजली विभाग के अधिकारियों ने घटना पर नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि कटौती तकनीकी कारणों और ओवरलोड के चलते हो रही थी। विभागीय रिकॉर्ड के नुकसान की भरपाई और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए कानूनी कार्रवाई की जा रही है।














