हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 28 अप्रैल: 2025,
अलीगढ़ (छर्रा)।
हाईस्कूल पास करने की खुशी में गंगा स्नान करने गए विकास के परिवार के लिए खुशी का यह पल मातम में बदल गया। 17 वर्षीय विकास पुत्र सुखराम गंगा नदी में स्नान करते समय गहरे पानी में डूब गया।
रिजल्ट के जश्न में गया था गंगा स्नान
26 अप्रैल को यूपी बोर्ड का रिजल्ट जारी हुआ था, जिसमें छर्रा थाने के गांव भमोरी बुजुर्ग निवासी विकास ने हाईस्कूल परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इस खुशी में वह अपने दोस्तों लोकेश, शिवम, अंकित, मयंक, किशन और गौरव के साथ 28 अप्रैल को दोपहर लगभग 1:30 बजे सांकरा स्थित गंगा घाट पर स्नान करने गया था।
गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
स्नान के दौरान विकास गहरे पानी की ओर बढ़ता चला गया। साथी गौरव पुत्र नरेंद्र ने बताया कि सभी ने उसे मना भी किया, लेकिन तब तक विकास गहरे पानी में डूब चुका था।
पुलिस व गोताखोरों ने शुरू की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनील तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। निजी गोताखोरों की मदद से विकास की तलाश शुरू कर दी गई है।
विद्यालय प्रबंधन और गांव में शोक की लहर
छर्रा स्थित दयानंद सरस्वती इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुशील दिवाकर ने कहा कि विकास हमारे विद्यालय का छात्र था। उसके डूबने की सूचना बेहद दुखद है। गांव में और विद्यालय में शोक की लहर है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलते ही विकास के परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार और गांववाले गंगा घाट पर पहुंचे हैं और लगातार किशोर की सलामती की दुआ कर रहे हैं।














