हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ बुधवार 28 मई 2025 अलीगढ़
अलीगढ़। मीट विक्रेताओं से मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने चौथे आरोपी भानु प्रताप उर्फ भूरा पुत्र प्रमोद, निवासी अलहदादपुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी धीरज कुमार ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है।
हमले में घायल मीट विक्रेताओं की हालत में सुधार
घटना के दौरान हमलावरों ने वाहन चालक और मीट विक्रेताओं की बेरहमी से पिटाई की थी। हरदुआगंज में इलाजरत पीड़ितों की हालत में अब सुधार है, लेकिन मानसिक आघात आज भी झकझोर देता है। मंगलवार देर रात पुलिस ने दो घायलों के बयान दर्ज किए। उन्होंने बताया कि हमला पहले से योजनाबद्ध था और अगर समय पर पुलिस न आती, तो हमलावर हमें जिंदा जला देते।
ये था मामला
बीते शनिवार को गांव अलहदादपुर में हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोगों ने मांस से लदी एक मैक्स जीप में तोड़फोड़ कर उसमें आग लगा दी थी। दिल्ली-कानपुर हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन भी किया गया। हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
पीड़ितों का आरोप- पुलिस देर से पहुंची, जान बचाई
घायल कदीम और अकील ने बताया कि तीन-चार बाइक सवार युवकों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रुकवा लिया और गालियां देते हुए हमला शुरू कर दिया। तभी एक युवक बोला, “इन्हें मार दो, इनको जिंदा जलाना है।” तभी लाठी-डंडों से पिटाई शुरू हो गई। पीड़ितों का कहना है कि अगर पुलिस थोड़ी और देर कर देती, तो वे जिंदा नहीं बचते।
सोशल मीडिया में संगठनों पर निशाना, विपक्ष हमलावर
इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर हिंदूवादी संगठनों को आड़े हाथों लिया जा रहा है। विपक्षी दलों ने भी घटना पर राजनीति तेज कर दी है। स्थानीय स्तर पर विरोध और प्रदर्शन जारी हैं। मीट व्यापारियों के परिजनों और समाज के लोगों में आक्रोश है। पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को जेल भेज दिया है, लेकिन मुख्य हमलावरों की तलाश जारी है।

















