• Home
  • नई दिल्ली
  • अंतरिक्ष में गए ग्रुप कैप्टन शुभांशु से PM मोदी ने की बात, 14 दिन के मिशन पर हैं ISS में
Image

अंतरिक्ष में गए ग्रुप कैप्टन शुभांशु से PM मोदी ने की बात, 14 दिन के मिशन पर हैं ISS में

हिन्दुस्तान मिरर न्यूज: शनिवार 28 जून 2025

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर मौजूद भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से बातचीत की। शुभांशु इन दिनों नासा के एक्सिओम-4 मिशन पर हैं और अंतरिक्ष की यात्रा पर निकले पहले भारतीय वायुसेना अधिकारी बने हैं। यह मिशन 41 साल बाद भारत की मानव अंतरिक्ष उड़ान में वापसी का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री ने बातचीत की शुरुआत करते हुए कहा, “आप आज मातृभूमि से सबसे दूर हैं, लेकिन भारतवासियों के दिलों के सबसे करीब हैं। आपके नाम में भी ‘शुभ’ है और आपकी यात्रा नए युग का शुभारंभ भी है।” मोदी ने आगे कहा, “मैं ज्यादा समय नहीं लूंगा, बताइए कि वहां सब कुशल मंगल है?”

इस पर शुभांशु ने कहा, “प्रधानमंत्री जी, मैं बिल्कुल ठीक हूं। यह बहुत नया और अद्भुत अनुभव है। मेरी यह यात्रा सिर्फ मेरी नहीं, पूरे भारत की है।” उन्होंने आगे कहा कि वह भारतीय व्यंजनों—गाजर का हलवा, मूंग दाल का हलवा और आमरस—को भी अंतरिक्ष में लेकर गए हैं, ताकि दुनिया के अन्य अंतरिक्ष यात्री भारत की समृद्ध विरासत का स्वाद चख सकें।

प्रधानमंत्री ने इस पर मुस्कुराते हुए पूछा, “क्या आपने अपने साथियों को गाजर का हलवा खिलाया?” शुभांशु ने बताया कि सभी ने भारतीय मिठाइयों का स्वाद लिया और सभी को यह बेहद पसंद आया।

इस मिशन में शुभांशु के साथ हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं, जिनमें अनुभवी मिशन कमांडर पेग्गी व्हिटसन भी हैं। यह दल दो हफ्ते तक अंतरिक्ष स्टेशन पर वैज्ञानिक प्रयोग करेगा।

शुभांशु 2006 में भारतीय वायुसेना में बतौर फाइटर पायलट शामिल हुए थे। उन्हें 2019 में गगनयान मिशन के लिए चुना गया था और उन्होंने रूस और अमेरिका दोनों जगह प्रशिक्षण प्राप्त किया है।

शुभांशु की इस ऐतिहासिक उड़ान पर उनके माता-पिता भी भावुक हो उठे। उनकी मां आशा शुक्ला ने कहा, “यह हमारे लिए गर्व का क्षण है। ये खुशी के आंसू हैं।” उनके पिता शंभू दयाल शुक्ला ने कहा, “हमारी दुआएं हमेशा उसके साथ हैं। हम मिशन की सफलता के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।”

Releated Posts

अलादीन से वेद-उपनिषद तक: अमित शाह ने सुनाया किताबों ने कैसे बदली उनकी जिंदगी

हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ :डिजिटल लोकनायक जयप्रकाश नारायण पुस्तकालय के लोकार्पण पर बोले गृह मंत्री— देश का भविष्य पुस्तकालयों…

ByByHindustan Mirror News Jul 11, 2026

वियतनाम में भारतीय पर्यटकों की नाव पलटी, 15 की मौत; बचाव अभियान जारी, पीएम मोदी ने जताया शोक

फु क्वोक द्वीप के पास हुआ हादसा, नाव में 24 भारतीय सवार थे; दूतावास ने कंट्रोल रूम स्थापित…

ByByHindustan Mirror News Jul 11, 2026

FSSAI का शराब कंपनियों पर शिकंजा: फ्लेवर और भ्रामक दावों पर जारी किए नोटिस

हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ : बिना अनुमति फ्लेवर मिलाने और उम्र संबंधी दावों में अनियमितताओं पर मांगा जवाब नई…

ByByHindustan Mirror News Jul 10, 2026

E20 पेट्रोल से इंजन को नहीं होगा नुकसान, माइलेज पर पड़ सकता है मामूली असर: टोयोटा चीफ

हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ :विक्रम गुलाटी बोले- E20 को लेकर फैली गलतफहमियों पर न दें ध्यान, पुराने और नए…

ByByHindustan Mirror News Jul 4, 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top