हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़ ✑ शुक्रवार 30 मई 2025 अलीगढ़
अलीगढ़,। बनादेवी थाना क्षेत्र के होली चौक चौराहे पर बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब तीन युवक एक दुकान का शटर तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। शटर तोड़ने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों को शक हुआ। जब उन्होंने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो चोरी की कोशिश का खुलासा हो गया।
घटना की जानकारी होते ही पड़ोसी घरों से बाहर निकल आए और शोर मचा दिया। खुद को फंसता देख आरोपी युवक भागने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों ने दौड़कर तीनों को पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई और गुस्साए लोगों ने पकड़े गए युवकों की जमकर पिटाई कर दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बमुश्किल युवकों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई। थाना प्रभारी पंकज शर्मा ने बताया कि तीनों युवक दुकान का शटर तोड़ते हुए पकड़े गए हैं। घटना की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया गया है।















